
नगर निगम में बहुमत से जीतेगी भाजपा
भाजपा का सभी सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा
जनता को हमारे विकास कार्यों पर भरोसा
हरियाणा में कांग्रेस को प्रत्याशी तक ढूंढने थे मुश्किल
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 17 फरवरी। फरीदाबाद नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का आज अंतिम दिन था। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। सेक्टर-12 स्थित नामांकन केंद्र पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि हरियाणा के नगर निगम चुनाव में पार्टी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। मीडिया से बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि इस बार फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। यह पहली बार होगा जब पार्टी सबसे अधिक मार्जिन से विजयी होगी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने भी भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। जनता के बीच भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ी है, और विपक्ष पूरी तरह से कमजोर हो चुका है। कांग्रेस के उम्मीदवारों को लेकर पूछे गए सवाल पर विपुल गोयल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रत्याशी तक ढूंढने में मुश्किल हुई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति क्या है।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि भाजपा पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने कहा कि तिगांव विधानसभा सहित भाजपा के तमाम प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। जनता हमारे विकास कार्यों पर भरोसा कर रही है। भाजपा नेताओं के नामांकन के दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए।