

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने एक बार फिर सीनियर IAS अधिकारी अनुराग रस्तोगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग रस्तोगी इससे पहले भी तीन दिनों के लिए मुख्य सचिव रह चुके हैं।अनुराग रस्तोगी अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त विभाग) के पद पर भी कार्यरत रहेंगे। वर्तमान में वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मिलकर हरियाणा के बजट निर्माण की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सरकार ने वरिष्ठता की बजाय उनके अनुभव को प्राथमिकता दी, जिसके चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। हरियाणा में मुख्य सचिव पद के लिए 1990 बैच के पांच आईएएस अधिकारी दौड़ में थे। इनमें सुधीर राजपाल और डॉ. सुमिता मिश्रा सबसे वरिष्ठ थे। सुधीर राजपाल वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं और डॉ. सुमिता मिश्रा गृह सचिव के पद पर कार्यरत हैं। हरियाणा के निवर्तमान मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी को हाल ही में भारत के चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक जोशी समय से पूर्व वीआरएस लेकर चुनाव आयोग में शामिल हो गए।
पिछले साल 31 अक्टूबर 2024 को टीवीएसएन प्रसाद के सेवानिवृत्त होने के बाद अनुराग रस्तोगी को तीन दिन के लिए हरियाणा का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। 4 नवंबर 2024 को डॉ. विवेक जोशी ने मुख्य सचिव पद का कार्यभार संभाला था, लेकिन अब उनकी नियुक्ति चुनाव आयोग में हो गई है, जिसके बाद अनुराग रस्तोगी को दोबारा यह जिम्मेदारी दी गई है। अनुराग रस्तोगी की नियुक्ति से साफ है कि हरियाणा सरकार ने अनुभव को प्राथमिकता देते हुए उन्हें इस अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी है।