छह-सात लोगों पर अपहरण व मारपीट का मामला
अंबाला, 23 फरवरी। दो मोटरसाइकिल सवारों ने कल देर शाम बब्याल के मुख्य बाजार से युवक का अपहरण कर लिया। इनकी संख्या करीब छह बताई जा रही है। अपहरणकर्ता उसे आधी रात तक इधर उधर घूमते रहे और रास्ते में बीच-बीच में उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। अपहरणकर्ता घायल अवस्था युवक में खेलन गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक के दोस्त राजेश की शिकायत पर अपहरण सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बब्याल निवासी राजेश पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दोस्त कर्ण का कुछ दिन पहले युवकों से विवाद हो गया था। इसका थाने में निपटारा भी हो गया था। इसके बाद भी वो युवक उसके दोस्त कर्ण से रंजिश रखते रहे। शुक्रवार की रात को लगभग आठ बजे जब उसका दोस्त कर्ण बब्याल के मुख्य बाजार से गुजर रहा था तो इस दौरान बाइक पर सवार होकर आए आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी कर्ण को बोह के बाबा बालक नाथ मंदिर और अन्य स्थान पर ले गए। जहां उन्होंने उसे बुरी तरह से मारा-पीटा। फिर कर्ण को खेलन गांव के पास खेतों में छोड़कर फरार हो गए।
शनिवार तड़के लगभग चार बजे करण जैसे-तैसे सड़क पर आया और वहां से गुजर रहे व्यक्ति की मदद से घर पर फोन किया। कुछ देर में परिजन व डायल 112 मौके पर पहुंच गई और फिर कर्ण को घायल अवस्था में अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका उपचार चल रहा है जबकि घायल कर्ण के भी पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस का कहना है कि बब्याल निवासी राजेश की शिकायत पर कर्ण के अपहरण करने व मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। इसमें छह से सात लोगों को आरोपी बनाया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।