file photo source : social media
अतुल को बेहोश करने के बाद काट दिए थे दोनों हाथ
सोई पत्नी की चद्दर हटाने पर अतुल ने की थी एक आरोपी की पिटाई
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 मार्च। गुरुग्राम पुलिस ने अतुल हत्याकांड में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अतुल को बेहोश करने के बाद उसके दोनों हाथ काट दिए थे। जिस वजह से अतुल की मौत हो गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव खेड़ला निवासी 24 वर्षीय अतुल के पिता ने इस मामले में पिछले साल 4 अक्टूबर को पुलिस थाना सदर सोहना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि 4 अक्टूबर को उनके पास एक कॉल आया और अतुल के बारे में पूछा। उसके बाद गांव के ही दो लड़के अतुल को बाइक पर ले गए। तब से अतुल घर वापस नहीं आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान 6 अक्टूबर को पुलिस को सोहना के गांव खेड़ला के पास झाड़ियों में एक लाश के पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पर दोनों हाथ कटे हुई अतुल की लाश पड़ी हुई थी। पुलिस टीम द्वारा सीन-ऑफ-क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया और हत्या से संबंधित धाराओं को भी मामले में जोड़ा गया।
अपराध शाखा सोहना के प्रभारी सत्य-प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस इस मामले में 3 आरोपियों को अगले ही दिन नारनौल से पकड़ा था। आरोपियों की पहचान देवेंद्र उर्फ डेविड (उम्र 21 वर्ष), सागर उर्फ सौरभ (उम्र 19 वर्ष) और अंकित उर्फ भब्बड (उम्र 20 वर्ष) सभी निवासी गांव खेड़ला के रूप में हुई थी।
पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में 1 अन्य आरोपी को गांव खेड़ला से पकड़ा। आरोपी की पहचान यस निवासी गांव खेड़ला के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि वर्ष-2022 में आरोपी युवक देवेंद्र उर्फ डेविड ने बदनीयती रखते हुए अतुल के घर जाकर उसकी सोई हुई पत्नी की चद्दर हटा दी थी। जिसपर अतुल ने देवेंद्र पर कुल्हाड़ी से वार करके घायल कर दिया था। जिसकी रंजिश रखते हुए देवेंद्र उर्फ डेविड ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अतुल से बदला लेने की साजिश रची। साजिशानुसार 4 अक्टूबर को आरोपी सागर शराब पीने की कहकर अतुल को उसके घर से बुलाकर गांव खेड़ला के पास पहाड़ियों में ले गया, जहां साजिश के अनुसार देवेंद्र उर्फ डेविड, अंकित और उनके अन्य साथी मौजूद थे। इसके बाद आरोपियों ने अतुल को बेहोशी का इंजेक्शन दिया तथा प्लासी (हथियार) से देवेंद्र ने अतुल के दोनों हाथ काट दिए, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी।
आरोपी के रिकॉर्ड के अवलोकन से पता चला कि आरोपी यश पर छीनाझपटी करने के संबंध में एक अभियोग थाना शहर सोहना गुरुग्राम में पहले भी अंकित है।



