Bilkul Sateek News
झज्जर, 21 मार्च। झज्जर में बेखौफ अपराधियों ने देररात एक रेस्तरां मालिक की गाड़ी रुकवा कर उसको गोली मार दी। गोली लगने से घायल रेस्तरां मालिक को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। रेस्तरां मालिक को गोली क्यों मारी गई इसका अभी तक पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देररात बाइक पर आए दो अपराधियों ने रास्ता पूछने के बहाने रात करीब 11 बजे सात्विक रेस्तरां के मालिक संदीप की गाड़ी को रुकवाया। जैसे ही गाड़़ी रूकी अपराधियों ने संदीप पर गोली चला दी। गोली संदीप के दाएं बाजू में लगी। आसपास के लोगों ने संदीप को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
संदीप के पिता महेंद्र सैनी ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उन पर गोली चलाने वाले बदमाश कौन थे यह फिलहाल नहीं पता चल सका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कोई भी आला अधिकारी मीडिया के कैमरे के सामने फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही शहर में नाकेबंदी भी करवाई थी मगर अब तक पुलिस से हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।



