Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 111 मकानों के बाहर से कब्जे हटाए
सेक्टर-49 की यूनिटेक रोडियो ड्राइव और आर्केडिया मार्केट में 80 से ज्यादा स्टॉल व अस्थायी ढांचे हटाए गए
गुरुग्राम: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। डीटीपी एनफोर्समेंट अमित मधोलिया के नेतृत्व में टीम ने साउथ सिटी-2 के ईडब्ल्यूएस ब्लॉक में 111 मकानों के बाहर सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण हटाए। वहीं, सेक्टर-49 स्थित यूनिटेक रोडियो ड्राइव और यूनिटेक आर्केडिया मार्केट में भी बुलडोजर चलाया गया। दोनों मार्केट के कॉमन एरिया, कॉरिडोर और दुकानों के सामने किए गए कब्जों को हटाते हुए 80 से अधिक स्टॉल और अस्थायी ढांचे ध्वस्त किए गए।

विभाग की इस कार्रवाई का मकसद सड़कों और बाजारों में लोगों के आने-जाने के लिए निर्धारित जगह को खाली कराना है। खासकर दुकानों के सामने और पैदल चलने वाले रास्तों पर किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को दूर करने पर जोर दिया गया।
साउथ सिटी-2 में 111 मकानों के बाहर से हटाए अतिक्रमण: डीटीपी एनफोर्समेंट की टीम ने साउथ सिटी-2 के क्यू-1 ब्लॉक स्थित ईडब्ल्यूएस क्षेत्र में आंतरिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान 111 मकानों के बाहर सड़क की जमीन पर किए गए कब्जों को हटाया गया।
कार्रवाई में मकानों के बाहर बनाई गई सीढ़ियां, रेहड़ियां, शेड, अस्थायी ढांचे और सड़क की निर्धारित सीमा से बाहर निकाले गए हिस्सों को हटाया गया। ये अतिक्रमण 9 और 10 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़कों के राइट ऑफ वे (ROW) पर किए गए थे। टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाकर सड़क की जमीन खाली कराई।
विभाग का कहना है कि सड़क की निर्धारित चौड़ाई बनाए रखने और रास्तों को खुला रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
यूनिटेक की दोनों मार्केट में 80 से ज्यादा स्टॉल हटाए: सेक्टर-49 स्थित यूनिटेक रोडियो ड्राइव और यूनिटेक आर्केडिया मार्केट में मंगलवार देर शाम अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। यहां दुकानों के सामने, कॉमन एरिया, पैसेज और कॉरिडोर में कई जगह अस्थायी स्टॉल और ढांचे बनाए गए थे।
कार्रवाई के दौरान 80 से अधिक स्टॉल और अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। दुकानों के सामने और पैदल चलने के लिए निर्धारित जगह पर कब्जे होने से बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। कुछ स्थानों पर कॉमन एरिया और पैसेज तक घिरे हुए थे, जिससे लोगों के लिए पैदल निकलना मुश्किल हो रहा था।
इन बाजारों में अतिक्रमण को लेकर विभाग को शिकायतें भी मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जे हटाने की कार्रवाई की और कॉमन एरिया व पैदल रास्तों को खाली कराया।
अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान: डीटीपी एनफोर्समेंट अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में सड़क, कॉमन एरिया और पैदल चलने के रास्तों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साउथ सिटी-2 के ईडब्ल्यूएस ब्लॉक और सेक्टर-49 की दोनों मार्केट में इसी उद्देश्य से कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि दुकानों के सामने कॉरिडोर, पैसेज और कॉमन एरिया में किए गए कब्जों को हटाया गया है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




