Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
शालीमार बाग थाना इलाके में एक नौकरानी ने मालिक के घर से सोने के गहने चोरी कर लिए और सोने को गिरवी रखकर लोन ले लिया। उसके घर में घुसकर उसे पुलिस न पकड़ ले, इसके लिए उसने घर में खूंखार कुत्ते पाल लिए और घर को एक किला बना दिया। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो वह रजाइयों के नीचे छिप गई। पुलिस पिटबुल, अमेरिकन बुली जैसे कुत्तों के बीच से होती हुई आरोपी नौकरानी के पास पहुंची और रजाइयों के नीचे से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला की पहचान रोहिणी की सोना उर्फ के सोनिया के रूप में हुई है। वह आदतन अपराधी है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शालीमार बाग थाना पुलिस को 19 अप्रैल को जानकारी मिली थी कि इलाके के एक घर से सोने के गहने चोरी कर लिए गए हैं। शालीमार बाग के रहने वाले विजय पाल गुप्ता के घर से सोने के गहने और नकदी चुरा ली गई थी। पुलिस को उनकी नौकरानी पर शक हुआ तो जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी मदद से पुलिस टीम आरोपी सोना तक पहुंची। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने घर में घुसने की कोशिश रोकने के लिए कई खूंखार कुत्ते लगा रखे थे। जब टीम छापा मारने पहुंची तो आरोपी ने कुत्तों के जरिए पुलिस को रोकने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने खतरा मोल लेते हुए रेड की और रजाइयों के नीचे छिपी सोना को पकड़ लिया।
पुलिस ने दो किलो सोना किया चिन्हित
पूछताछ में सोना ने बताया कि उसने चोरी का सोना कई फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर लोन ले लिया था। अब तक 15 गोल्ड लोन अकाउंट सामने आए हैं। लगभग 2 किलो सोने के गहने मुथूट फिनकॉर्प, मुथूट फाइनेंस और फेड बैंक में चिन्हित किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है। उसकी निशानदेही पर 1 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। बाकी चोरी के सामान की तलाश जारी है।
आदतन अपराधी है सोना
जांच के दौरान पता लगा कि सोना आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी पंजाबी बाग थाने में चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह चोरी का सोना बेचने या गिरवी रखने का काम करती थी।




