Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के शिवाजी नगर इलाके से लापता हुई 3 वर्षीय बच्ची को गुरुग्राम पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। बच्ची के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

जानकारी के मुताबिक बिहार के नालंदा निवासी मिथुन, जो गुरुग्राम में मजदूरी का काम करते हैं, ने 10 जून की शाम अपनी 3 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और बच्ची की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया।
पुलिस, ईआरवी और राइडर टीमों समेत 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी पूरी रात बच्ची की तलाश में जुटे रहे। इस दौरान आसपास के इलाकों में लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस की मेहनत रंग लाई और बच्ची को अगले दिन सुबह करीब 5 बजे शांति नगर इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जांच में पता चला कि बच्ची खेलते-खेलते घर से काफी दूर निकल गई थी।
रात के समय बच्ची को अकेले रोता देखकर कॉलोनी में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति ने उसे अपने पास सुरक्षित रखा। उन्होंने बच्ची की देखभाल की और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी।
बच्ची के मिलने की सूचना तुरंत उसके परिवार को दी गई, जिसके बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील भी की है।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि कहीं कोई गुमशुदा, लावारिस या सहायता की जरूरत वाला बच्चा दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।




