Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
1 लाख 63 हजार के विवाद में चली गोली, गुरुग्राम पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचे 2 आरोपी
गुरुग्राम के सेक्टर-10 इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। एक ऑफिस में हुई बहस के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। मामले में गुरुग्राम पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, घायल सिकंदर ने शिकायत में बताया कि उसका परिचित आशीष लंबे समय से अर्जुन साहू के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद में था। आरोप है कि घटना वाले दिन अर्जुन ने आशीष को धमकी दी थी। इसके बाद सिकंदर और अन्य लोग आशीष के ऑफिस में मौजूद थे।
कुछ देर बाद कई लोग वहां पहुंचे और आशीष को बाहर बुलाने लगे। जब मौजूद लोगों ने बैठकर बात करने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सिकंदर के पैर में लगी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी विकास (35), निवासी समालखा, पानीपत और अर्जुन साहू (20), निवासी भीमगढ़ खेड़ी, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन और आशीष के बीच करीब 1 लाख 63 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।




