Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: भोंडसी थाना क्षेत्र के गांव बैरका स्थित एक मंदिर में हुई चोरी के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 3 चांदी के मुकुट और ₹51,210 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मंदिर से चांदी के मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी चोरी होने की शिकायत 4 जून को दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 और 4 जून की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद भोंडसी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 जुलाई को पीर कॉलोनी, सोहना के पास से आरोपी मनीष को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी, छीना-झपटी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 4 मामलों में नामजद रह चुका है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 3 चांदी के मुकुट और ₹51,210 नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।




