Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 41 लंबित चालानों वाली बाइक इंपाउंड, 3.78 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम, 18 अगस्त। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया, जिस पर कुल 41 चालान लंबित थे और इनकी जुर्माना राशि 3 लाख 78 हजार रुपये थी।

जानकारी के मुताबिक, 17 अगस्त को आर्टिमिस टी-प्वाइंट पर जोनल अधिकारी एसआई राजपाल अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक मोटरसाइकिल को रुकवाकर चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे। चालक दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 41 चालान लंबे समय से पेंडिंग हैं। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 3,78,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इनमें ज्यादातर चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना इंश्योरेंस और बिना PUC के अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से जुड़े हैं।
लंबित चालानों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें। पुलिस ने वाहन मालिकों से यह भी कहा है कि वे अपने लंबित चालानों की जांच कर समय पर उनका भुगतान करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन सड़क पर वाहन चालक के साथ-साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है




