Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शहर के अशोक विहार फेज-3 इलाके में घरेलू विवाद ने शनिवार रात खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटे को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 6 और 7 जून की दरमियानी रात थाना सेक्टर-5 पुलिस को सूचना मिली कि अशोक विहार फेज-3 में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक व क्राइम सीन टीम को बुलाकर जांच शुरू की गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि परिवार में काफी समय से घरेलू कलह चल रही थी। घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान उनका बेटा प्रशांत बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी आशा रानी (52) और बेटे प्रशांत (27) पर फायरिंग कर दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका आशा रानी एक निजी स्कूल का संचालन करती थीं और वहीं प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थीं। उनका बेटा प्रशांत भी स्कूल के प्रबंधन का काम संभालता था। वहीं आरोपी अनिल तंवर (56) एक सिक्योरिटी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में कार्यरत था।
पुलिस ने आरोपी अनिल तंवर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 14 खाली कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।
आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




