Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने बिना वैध मेडिकल डिग्री और रजिस्ट्रेशन के क्लिनिक चलाने वाले एक कथित फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 6 साल से खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 26 मई 2026 को बजघेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि यादव मार्केट, न्यू पालम विहार सेक्टर-110 स्थित एक क्लिनिक में बिना किसी वैध मेडिकल योग्यता के इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां DCH गुरुग्राम और FDA गुरुग्राम की टीम भी मौजूद थी। जांच के दौरान क्लिनिक चलाने वाला व्यक्ति सुकुमार बिस्वास मिला, जो खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज करता पाया गया।
जांच में क्लिनिक से एलोपैथिक दवाइयां, इस्तेमाल की हुई सिरिंज, ग्लूकोज बोतल, IV सेट, मरीजों की लैब रिपोर्ट और अन्य मेडिकल उपकरण बरामद किए गए।
जब आरोपी से मेडिकल डिग्री, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्रग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका।
इसके बाद बजघेड़ा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं और नेशनल मेडिकल कमिशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी सुकुमार बिस्वास, निवासी नदिया (पश्चिम बंगाल), को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 6 साल से यह क्लिनिक चला रहा था। बरामद लैब रिपोर्ट्स से भी संकेत मिले हैं कि वह लोगों को गुमराह कर खुद को डॉक्टर बताकर इलाज कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




