Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 1.64 लाख रुपये निकाल लिए। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बिहार के बांका जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ठगी में इस्तेमाल होने वाले सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को 9 अक्टूबर को व्हाट्सएप पर मैसेज मिला कि उसका HCG बिल बकाया है और भुगतान नहीं करने पर गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद उसे “HCG BILL UPDATE.apk” नाम का लिंक भेजा गया। लिंक खोलने पर भुगतान के लिए 12 रुपये मांगे गए। पीड़ित ने क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की कोशिश की, जिसके दौरान उसके खाते से 1,64,900 रुपये की ठगी हो गई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना ईस्ट की टीम ने जांच करते हुए 16 अक्टूबर को बिहार के बांका से निर्मल कुमार उर्फ विजय कुमार और गोपी कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
सिम कार्ड बेचकर ठगी में करते थे मदद: पूछताछ में सामने आया कि निर्मल ने कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति के नाम पर धोखाधड़ी से सिम कार्ड हासिल किए और उन्हें 1,000 रुपये में गोपी को बेच दिया। इसके बाद गोपी ने ये सिम कार्ड 1,500 रुपये में आगे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिए। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले भी ठगी में इस्तेमाल होने वाले सिम कार्ड बेच चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




