
Bilkul Sateek News
हिसार, 28 अप्रैल। हरियाणावासियों को अभी और दो दिन तक लू से राहत नहीं मिलेगी। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और 30 अप्रैल व 1 मई को प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ-साथ बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 14 जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं।
वहीं, प्रदेश के 8 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। इनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर शामिल हैं।
हरियाणा के 18 जिलों में 29 अप्रैल को लू चलेगी। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल को ग्रीन जोन में रखा है।
मौसम विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 30 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू होगा। जिसके तहत प्रदेश के दो जिलों पंचकूला व यमुनानगर में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है। वहीं 4 जिलों (अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल) को छोड़कर अन्य जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट रहेगा।
इसके बाद 1 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व करनाल में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बरसात की संभावना है। इसका असर पूरे प्रदेश के तापमान पर दिखेगा। अन्य जिलों में भी मौसम बदलेगा।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार 28-29 अप्रैल को प्रदेश में कहीं भी बरसात की संभावना नहीं है। वहीं 30 अप्रैल को पंचकूला व यमुनानगर तथा एक मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व करनाल में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।
हरियाणा के अधिकतम तापमान में रविवार को 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला रोहतक रहा। रोहतक में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस मापा गया। ये तापमान हरियाणा के सामान्य तापमान से 2.9 डिग्री ज्यादा था।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के जिलों के अधिकतम तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नारनौल में 1.8 डिग्री की हुई। जिसके बाद नारनौल का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा जिला फरीदाबाद के तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिसके बाद फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।