Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
₹2.06 लाख के चालान बकाया, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कैंटर किया जब्त
गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी एक कैंटर चालक को भारी पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे कैंटर को जब्त कर लिया, जिस पर 13 चालान लंबित थे और कुल जुर्माना राशि ₹2,06,500 तक पहुंच चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, 7 जून को ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामकिशन अपनी टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक कैंटर को जांच के लिए रोका गया। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि वाहन पर 13 चालान लंबित हैं। इनमें नो-एंट्री उल्लंघन, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और अन्य ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामले शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, इन सभी चालानों की कुल राशि ₹2.06 लाख से ज्यादा थी। इतना ही नहीं, चालक वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी मौके पर पेश नहीं कर सका।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कैंटर को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर अपने चालानों का भुगतान करें और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज जैसे रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट हमेशा वैध रखें। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को भी कम किया जा सकता है।




