Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में बिजली कटौती से निपटने की तैयारी, अस्पतालों और मेट्रो पर रहेगी नजर
गुरुग्राम, 21 अक्टूबर। बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीसी उत्तम सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अस्पतालों, जलापूर्ति और मेट्रो जैसी जरूरी सेवाओं पर खास नजर रखी जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

ऑल इंडिया पावर कॉरपोरेशन और बिजली कर्मचारियों की विभिन्न यूनियनों ने 22, 23 और 24 अक्टूबर 2026 को हड़ताल का ऐलान किया है। इसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए बिजली निगम वैकल्पिक इंतजाम करने में जुटा है।
बिजली गुल होने पर तुरंत होगी कार्रवाई: डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हड़ताल के दौरान बिजली आपूर्ति में कोई रुकावट आती है तो उसे जल्द से जल्द ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए और सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
मुख्यमंत्री ने भी तैयारियां पूरी रखने को कहा: इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी डीसी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी यूनियनों की मांगों से जुड़े मामले में हरियाणा सरकार अपील करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों से बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं और सरकार कर्मचारियों के साथ है।
बिजली की शिकायत के लिए इन नंबरों पर करें कॉल: बिजली आपूर्ति बाधित होने या बिजली से जुड़ी किसी आपात स्थिति में उपभोक्ता दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
– टोल फ्री नंबर: 1912
– हेल्पलाइन नंबर: 180010804334
– व्हाट्सऐप नंबर: 8813999708, 9540954768
डीसी ने बिजली अधिकारियों को हड़ताल के तीनों दिन सतर्क रहने और शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीएचबीवीएन सर्कल-1 के अधीक्षण अभियंता श्यामवीर सैनी, सर्कल-2 के अधीक्षण अभियंता मनोज यादव और एचवीपीएनएल के अधीक्षण अभियंता के.के. सरकार मौजूद रहे।




