
Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 31 मई। हरियाणा सरकार में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता, कानून विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती बन चुका है। लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश को नशा मुक्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। जिसमें आमजन की भागीदारी जरूरी है।
खेल मंत्री गौरव गौतम शनिवार को आदित्य गौतम मेमोरियल ट्रस्ट तथा एनजीएफ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पलवल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपस्थित जनों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि नशा करना समाज में एक बड़ी कुरीति है। नशा एक व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ, पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा एक अभिशाप है। यह एक ऐसी बुराई है जिससे इंसान का अनमोल जीवन समय से पहले ही मौत का शिकार हो जाता है। इसलिए हमें नशे से दूर रहना चाहिए। खेल मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान वन नेशन वन इलेक्शन पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन का आशय यह है कि एक समय में पूरे देश भर में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव संपन्न कराया जाए। अभी तक देश भर में दोनों चुनाव अलग-अलग समय पर कराए जाते हैं, लेकिन अब मोदी सरकार इसे एक ही समय पर कराने के लिए कवायद कर रही है। इसके लिए कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा देश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर युवाओं को चर्चा करनी चाहिए। मोदी सरकार में देश में परिवर्तन हो रहा है। मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। मोदी के विजन के अनुसार वर्ष 2047 तक भारत देश समृद्ध राष्ट्र होगा। हमारा देश आर्थिक रूप से मजबूत देश होगा और विश्व के सबसे शक्तिशाली देशों में शुमार होगा।