Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 11 सितंबर। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद ने फरीदाबाद जिले की उप तहसील दयालपुर में छापा मारा। इस दौरान दस्ते ने कर्मचारियों की हाजिरी चैक की।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद को बुधवार को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि फरीदाबाद जिले की उप तहसील दयालपुर में कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं आते तथा आम नागरिकों के तहसील संबंधित कार्यों में कोई ना कोई आपत्ति लगाकर उन्हें लंबित रखते हैं। यदि उप तहसील दयालपुर का अचानक निरीक्षण किया जाए तो कई प्रकार की त्रुटियां सामने आ सकती है।
उपरोक्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ते द्वारा सतवीर सिंह नायब तहसीलदार तहसील गोंछी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सुबह 9 बजे उप तहसील दयालपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण पर उप तहसील कार्यालय में नियुक्त 9 कर्मचारियों में से 6 कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित पाए गए। एक कर्मचारी गौरव लिपिक, प्रवाचक उप तहसीलदार बिना किसी सूचना के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले और काफी देरी से ऑफिस पहुंचे।
धीरपाल पटवारी न्यायालय में तथा मनोज कुमार हल्का पटवारी चांदपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण और आम नागरिकों को फसल व जान माल के नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन व लिखित आवेदन करने हेतु सूचित करने क्षेत्र में गया हुआ पाया गया।
जीवनदास नायब तहसीलदार उप तहसील दयालपुर भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद सुबह 9.30 कार्यालय में हाजिर थे।
निरीक्षण के दौरान उप तहसील कार्यालय में पिछले दो-तीन महीनों में पंजीकृत की गई वासिकाएं बेतरतीब रखी मिली। दिनांक 09.09.2025 को पंजीकृत की गई 4 वासिकाएँ बिना हस्ताक्षर के पाई गई।
उप तहसील दयालपुर में दिनांक 06-01-2021 से 09-09-2025 के दौरान के 757 इंतकाल लंबित पाए गए। कार्यालय में सीसीटीवी सिस्टम लगा हुआ मिला लेकिन वह बंद मिला।
इसी प्रकार निरीक्षण के दौरान कुछ अन्य त्रुटियां भी सामने आई। जिनके बारे विस्तृत रिपोर्ट अलग से मुख्यालय भेजी जा रही हैं।




