Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 12 सितंबर। फरीदाबाद में जवाहर कॉलोनी स्थित विनायक वाटिका के पास कव्वाली के गोदाम में कल रात करीब 8.15 बजे आग लग गई। जैसे ही आग भड़की आसपास के लोगों ने डायल 112 पर आग लगने की सूचना दी और आसपास के लोग पानी की बाल्टियां भरकर आग बुझाने में जुट गए। वहीं, सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई तुरंत ही आग बुझाने में जुट गई। कबाड़ी के गोदाम में प्लास्टिक गट्टा, प्लास्टिक की बोरियां अन्य कबाड़ा भारी मात्रा में था, जिसकी वजह से आग तेजी से बढ़ गई और फैलना शुरू हो गई। गनीमत यह रही कि आग रात को उस समय लगी जब गोदाम बंद था, नहीं तो जान माल की हानि भी हो सकती थी।
वहीं, इस कबाड़ के गोदाम के बराबर ट्रक बॉडी मेकिंग का गोदाम भी है जहां पर करीब 10-12 ट्रक उसी बाउंड्री में खड़े हुए थे। जैसे ही आग फैली, समय रहते वहां काम कर रहे मिस्रियों ने एक-एक करके उनको बाहर निकलना शुरू कर दिया, नहीं तो आग ज्यादा बढ़ने पर इन ट्रकों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी और यह नुकसान और अधिक हो सकता था।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्हें आग लगने की कंट्रोल रूम से सूचना मिली, वह तुरंत दी गई लोकेशन पर दो गाड़ियां लेकर पहुंच गए और उनकी टीम आग बुझाने में जुट गई। उन्होंने बताया आसपास अन्य फायर ब्रिगेड की स्टेशनों पर भी सूचना दे दी गई और वहां से भी आग बुझाने के लिए और गाड़ियां मौके पर मंगवाई गई। वहीं इस गोदाम में आग कैसे लगी यह पुलिस की जांच का विषय है।




