Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत आज फरीदाबाद के सेक्टर 15 स्थित भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में आयोजित किए गए रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उनकी सरहाना की। इस अवसर पर उनके साथ बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी समेत भाजपा के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में भाग लिया और दिल खोलकर रक्तदान किया तथा स्वास्थ्य की जांच करवाई। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भी अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और सभी को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस की शुभकामना दी।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 11 साल से देश की सेवा कर रहे हैं और हम चाहते हैं कि वह लंबे समय तक देश की सेवा करते रहें। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देश और दुनिया में सेवा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक तमाम देश और दुनिया में भाजपा के कार्यकर्ता और देश के लोग जगह-जगह सेवा कार्य कर रहे हैं। 11 साल में मोदी के नेतृत्व में देश, दुनिया की आर्थिक ताकत भी बना है और देश की संस्कृति विरासत भी मजबूत हुई है।




