डीसी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों के लिए मंडी में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के दिए निर्देश
डीसी ने किसानों की मांग पर लिया संज्ञान, अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट बनाने के दिए निर्देश
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 सितंबर। डीसी अजय कुमार ने आज पटौदी जाटौली अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा फसल खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले की किसी भी मंडी में फसल बेचने आए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसानों को प्रचलित दर व न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अंतर की राशि भावांतर भरपाई योजना के तहत दी जाएगी। इस दौरान किसानों ने डीसी को बताया कि इस बार मानसून में अधिक बरसात होने के कारण बाजरे की फसल प्रभावित हुई है, जिससे उन्हें मंडी में फसल बेचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की इस समस्या पर डीसी अजय कुमार ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी परेशानी को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इसके उपरांत सरकार से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उनके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीसी ने मौके पर ही किसानों की शिकायत पर खरीद स्टाफ बढ़ाने और मंडी में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही मंडियों में पेयजल, शौचालय, छाया सहित सभी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, मार्केट कमेटी पटौदी के सचिव विपिन यादव, संबंधित खरीद एजेंसी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




