Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 सितंबर। गुरुग्राम में अलसुबह एक थार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में जज की बेटी समेत 5 युवाओं की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि उसमें थार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी नंबर (UP 81 CS 2319) की थार में तीन युवक और तीन युवतियां सवार थीं। मृतकों में दो युवक और तीन युवतियां शामिल हैं। वहीं एक मृत युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है जो रायबरेली के एक जज की बेटी हैं।
हादसा शनिवार सुबह करीब 4.15 बजे गुरुग्राम के झाड़सा चौक पर हुआ। राहगीरों के अनुसार थार दिल्ली की तरफ से स्पीड में आ रही थी, तभी नेशनल हाईवे-48 के एग्जिट नंबर 9 से नीचे उतरते ही ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और थार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। राहगीरों ने ही पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गाड़ी में सवार सभी लोग बुरी तरह अंदर फंस गए थे जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
हादसे में मृत सभी युवाओं के हाथों पर क्लब के बैंड भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि देर रात इन सभी ने क्लब में पार्टी की होगी और फिर घर वापस लौट रहे होंगे।
मृतक:-
1. प्रतिष्ठा मिश्रा (उम्र 25 वर्ष) निवासी रायबरेली, उत्तर-प्रदेश।
2. आदित्य प्रताप सिंह (उम्र-30 वर्ष) निवासी आगरा, उत्तर-प्रदेश।
3. गौतम (उम्र-31 वर्ष) निवासी सोनीपत, वर्तमान निवासी ग्रेटर नोएडा।
4. लवनय (उम्र-26 वर्ष) निवासी आगरा, उत्तर-प्रदेश।
5. सोनी पता नामालूम
घायल:-
1. कपिल शर्मा (उम्र 28 वर्ष) निवासी बुलन्दहर, उत्तर-प्रदेश।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त दुर्घटना के सम्बन्ध में एकत्रित की गई सूचनाओं में ज्ञात हुआ कि मृतक गौतम, आदित्य प्रताप सिंह व घायल कपिल नोएडा में विज्ञापन से संबंधित व्यवसाय करते हैं व मृतका लवनया, प्रतिष्ठा मिश्रा ग्रेटर नोएडा में LLB की छात्रा थीं।




