छठ पूजा पर गुरुग्राम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 73 जगहों पर तैनात रहेंगे 3 हजार पुलिसकर्मी
15 और 16 नवंबर को मनाया जाएगा छठ महापर्व, पूजा स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों और सादे कपड़ों में भी रहेगी पुलिस की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था पर भी खास नजर
गुरुग्राम। छठ महापर्व को लेकर साइबर सिटी गुरुग्राम में तैयारियां पूरी हो गई हैं। 15 और 16 नवंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने भी कमर कस ली है। शहर और जिले के अलग-अलग इलाकों में कुल 73 स्थानों पर छठ पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों।

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, जिले के चार जोन में छठ पूजा के आयोजन होंगे। इनमें पूर्वी जोन में 11, पश्चिमी जोन में 32, दक्षिणी जोन में 14 और मानेसर जोन में 16 स्थान शामिल हैं। इन सभी जगहों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूजा स्थलों पर पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा, ताकि महिलाओं और परिवारों को किसी तरह की असुविधा न हो।
सादे कपड़ों में भी रखी जाएगी नजर: छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे। ये पुलिसकर्मी पूजा स्थलों और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। संबंधित थानों के प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की नियमित जांच करने और उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए कहा गया है।
जाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी: छठ पूजा के दौरान कई जगहों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पूजा स्थलों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना भी पुलिस के लिए अहम चुनौती होगी। इसे देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि पूजा स्थलों के आसपास वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ के कारण सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इंटेलिजेंस टीम भी रखेगी नजर: सुरक्षा व्यवस्था के तहत गुरुग्राम पुलिस की इंटेलिजेंस शाखा और अन्य संबंधित सुरक्षा टीमों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, पुलिस आयुक्त गुरुग्राम ने छठ महापर्व की सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




