वायरल वीडियो से पकड़ा गया कार का पीछा करने वाला ईको चालक, चोरी की 19 वारदातों का खुलासा
गुरुग्राम में रात के समय कार का पीछा करने का वीडियो हुआ था वायरल, पीड़ित ने शिकायत देने से किया था इनकार; पुलिस ने खुद लिया संज्ञान, आरोपी के कब्जे से चोरी की दो ईको गाड़ियां बरामद
गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में रात के समय ईको गाड़ी से एक कार का पीछा करने वाला चालक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि ईको चालक लगातार एक कार का पीछा कर रहा है। कार चालक ने खुद को बचाने के लिए सोसायटी के अंदर गाड़ी ले जाने की कोशिश की, लेकिन ईको चालक ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। सोसायटी के गार्ड्स के हस्तक्षेप के बाद ही ईको चालक वहां से पीछे हटा। अब गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ईको चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोनू निवासी जखोपुर, सोहना के रूप में हुई है।

दरअसल, गुरुग्राम पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की लगातार मॉनिटरिंग कर रही थी। इसी दौरान यह वीडियो पुलिस के सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे कार चालक से संपर्क किया, लेकिन उसने पुलिस को शिकायत देने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को नजरअंदाज नहीं किया और वायरल वीडियो के आधार पर खुद संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 नवंबर को सेक्टर-72 स्थित ट्यूलिप चौक के पास से ईको चालक मोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो उसके खिलाफ पहले से दर्ज चोरी के कई मामले सामने आए। इतना ही नहीं, आरोपी सेक्टर-10 थाने में दर्ज टायर चोरी के एक मामले में भी वांछित था।
कार के चारों टायर रिम सहित चुराने का भी आरोप: पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सेक्टर-10 थाने में टायर चोरी का मामला दर्ज था। इस मामले में शिकायतकर्ता ने 8 मई 2026 को पुलिस को बताया था कि उसने अपने दोस्त की कार को सेक्टर-93 स्थित एमआरजी बालकनी सोसायटी के बाहर सर्विस लेन पर खड़ा किया था। अगली सुबह जब वह कार के पास पहुंचा तो उसके चारों टायर रिम सहित गायब थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय टायर चोरी कर लिए थे। इसी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अब आरोपी मोनू को इस मामले में भी गिरफ्तार किया गया है।
कट मारने पर गुस्से में किया था कार का पीछा: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर को वह ट्यूलिप चौक की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार ने उसकी ईको गाड़ी के आगे कट मार दिया। इस बात से नाराज होकर उसने कार चालक को रोकने के लिए उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने बताया कि वह पहले कभी उस कार चालक से नहीं मिला था और न ही उसे जानता था। दोनों के बीच पहले से कोई बातचीत या विवाद भी नहीं था।
जिस ईको से पीछा किया, वह भी चोरी की निकली: पूछताछ में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। आरोपी जिस ईको गाड़ी से कार का पीछा कर रहा था, वह भी चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह गाड़ी 12 अक्टूबर को गुरुग्राम के बेरीवाला बाग, शांति नगर इलाके से चोरी की थी। इस संबंध में शिवाजी नगर थाने में भी चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में चोरी की 19 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। वहीं, उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि उसके खिलाफ चोरी के आरोप में पहले से ही गुरुग्राम के अलग-अलग थानों में 8 मामले दर्ज हैं।
दो चोरी की ईको गाड़ियां बरामद: क्राइम ब्रांच मानेसर की टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो ईको गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें वह गाड़ी भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल वायरल वीडियो में कार का पीछा करने के लिए किया गया था। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों और उनसे जुड़े सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
15 नवंबर को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े खुलासे होने की संभावना है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




