प्रत्येक उपभोक्ता को मिलेगी सब्सिडी
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 सितंबर। मंडल आयुक्त हिसार एवं प्रबंध निदेशक दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम अशोक कुमार गर्ग के निर्देशानुसार सेवा पर्व के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा मिलेगा।
निगम प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में आवेदनों पर मिशन मोड में पूरा करने के लिए कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सौर ऊर्जा स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं को लक्षित किया जाएगा। सेवा पर्व के दौरान सूर्य घर योजना के संबंध में त्वरित रूफटॉप सौर ऊर्जा स्थापना की जाएगी। गुरुग्राम सर्कल एक के तहत 1366 और गुरुग्राम सर्कल दो के तहत 838 कनेक्शन रिलीज किया जा चुके हैं।
लोगों की सुविधा के लिए उनके साथ साझेदारी में जागरूकता और सुविधा शिविर, बैंक ऋण, विक्रेता बैठकें और क्षमता निर्माण कार्यशालाएं आयोजित होगी ताकि नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए जमीनी स्तर पर सहायता, वित्तपोषण और मार्गदर्शन प्रदान किया जा सके। सभी सौर ऊर्जा स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं से इस राष्ट्रीय योजना को आगे बढ़ाने में निरंतर समर्थन और सक्रिय भागीदारी की आशा है।
पर्यावरण की बेहतरी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इस योजना का विस्तार और प्रसार आवश्यक है। अधिक से अधिक लोगों द्वारा सौर ऊर्जा को लगाना पर्यावरण अनुकूल वातावरण को बढ़ाने में सहयोग देना है। इसी उद्देश्य के साथ केंद्र और हरियाणा सरकार सौर ऊर्जा लगाने वाले उपभोक्ताओं को सब्सिडी भी मुहैया करवा रही है। सरकार की योजना के अनुसार एक किलोवाट पर ₹30000, 2 किलोवाट पर ₹60000 और 3 किलो वाट पर ₹78000 की सब्सिडी प्रत्येक उपभोक्ता को दी जा रही है।
निर्देशानुसार सभी संबंधित अभियंता अपने कार्यालय के तहत सौर ऊर्जा के आवेदन की प्रगति जांच करेंगे और शीघ्र ही लंबित आवेदनों को अनुमोदित करेंगे।




