Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दवाइयों का फर्जी विज्ञापन देकर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक व 4 युवतियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल, सेक्सवर्धक नकली दवाइयों के 54 कैप्सूल बॉक्स और 35 ऑयल स्प्रे (छोटी बोतल) भी बरामद की हैं।
थाना साइबर दक्षिण प्रभारी नवीन कुमार की टीम को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर नकली सेक्सवर्धक दवाईयां बेचने वाले साइबर ठगों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को उद्योग विहार फेज-5 में बनी बिल्डिंग के बेसमेंट में संचालित एक कॉल सेंटर पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से 7 युवकों और 4 युवतियों को पकड़ा। जिनकी पहचान पीयूष कुमार निवासी न्यू कॉलोनी जिला गुरुग्राम (हरियाणा), अभिषेक शर्मा निवासी गांव डेरा नई दिल्ली, चेतन सैनी निवासी कन्हैया नगर नई दिल्ली, देव सिंह कापसहेडा बॉर्डर नई दिल्ली, अल्ताफ अंसारी निवासी झड़ेला नई दिल्ली, नीरज कुमार निवासी पट्टी मोहल्ला सहसवान जिला बदायूं (उत्तर-प्रदेश), अरुण भारद्वाज निवासी डेरा गांव नई दिल्ली, किरण निवासी सेक्टर-17 जिला गुरुग्राम (हरियाणा), जूही निवासी कापसहेड़ा नई दिल्ली, मोनी निवासी सरहौल सेक्टर-17 जिला गुरुग्राम (हरियाणा) और सिमरन निवासी कापसहेड़ा नई दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध दक्षिण में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि पीयूष कॉल सेंटर का मालिक है और उसके द्वारा ही सेक्सवर्धक दवाईयां का विज्ञापन इंस्टाग्राम व फेसबुक पर करवाया जाता है। जब भी कोई व्यक्ति इनके इश्तेहार देखकर फार्म भरते हैं तो कॉल सेंटर पर बैठी इनकी टीम उससे संपर्क करके फर्जी डॉक्टर बनकर उसे नकली दवाईयां बेचते हैं और ऑनलाइन पेमेंट करवाकर ठगी करते हैं। बेची जा रही दवाईयां दिल्ली से किसी व्यक्ति से 50 से 100 रुपये में खरीदकर उसे 2000 रुपये से भी अधिक कीमत पर बेच देते हैं। इंस्टाग्राम व फेसबुक पर विज्ञापन का काम शिव कुमार करता है और बाकी टीम कॉल के माध्यम से यह दवाईयां बेचती है। इन युवतियों और युवकों को 15 से 20 हजार रुपये प्रति माह वेतन मिलता है और ठगी करने पर अलग से 3 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है।
पुलिस द्वारा 4 आरोपी युवतियों को अभियोग में नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया व बाकी 7 आरोपियों को आज अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




