Image source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 2 अक्टूबर। गुरुग्राम में एक डिलीवरी बॉय बुधवार को एक आठ साल की मासूम बच्ची को खाने का सामान देने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मासूम बच्ची को बरामद करते हुए आरोपी डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुष्कर्म और अपहरण की वारदात का मामला आज पीड़िता के पिता ने थाना सेक्टर-10 में दर्ज करवाया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग लड़की को बरामद करके उसका मेडिकल टेस्ट करवाया गया। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
जिसके बाद पुलिस चौकी सेक्टर-93 प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने आज ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय समद के रूप में हुई, जोकि गुरुग्राम में सेक्टर 83 में रहता है।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में पता चला कि समद एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह पीड़िता को खाने का सामान देने के बहाने से बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म करने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



