Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से घर बैठे पार्ट टाइम जॉब का ऑफर देने फिर ऐप के माध्यम से टॉस्क पूरा करके निवेश करके रुपये कमाने का प्रलोभन देकर ठगी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में अब कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 सितंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साईबर अपराध दक्षिण में एक लिखित शिकायत में बताया कि उसको व्हाट्सऐप पर घर बैठे पार्ट टाइम जॉब करने और ऐप के माध्यम से टॉस्क पूरा करने तथा रुपये निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर उसके साथ ठगी की गई है।
पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को कल जयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार (उम्र-27 वर्ष, कार्य-इलेक्ट्रिशियन) निवासी नायकों का मोहल्ला जिला जयपुर (राजस्थान) और जगदेव कुमार (उम्र-27 वर्ष, कार्य-टाइल मिस्त्री) निवासी वार्ड-10 जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इस मामले में ठगी गई राशि में से 50 हजार रुपये कृष्ण कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। कृष्ण ने यह बैंक खाता जगदेव को 4 हजार रुपये में बेचा था। जगदेव ने यह बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को 7 हजार रुपये में बेचा था।



