Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 9 अक्टूबर। एयरपोर्ट टनल में देररात कार सवार एक युवक खतरनाक स्टंट करता नजर आया। युवक सनरूफ खोलकर चलती कार की छत पर बैठ कर शराब पीने लगा और डांस करने लगा। इस दौरान कार के अंदर से तेज म्यूजिक का शोर फिजाओं में गूंजने लगा। पीछे आ रहे एक वाहन ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा टनल का हिस्सा दिल्ली पुलिस के अंतर्गत् आता है। फिलहाल दिल्ली पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेस-वे पर बने दिल्ली एयरपोर्ट को जाने वाले टनल में देररात एक युवक कैसे खतरनाक स्टंट करता हुआ दिखाई दे रहा है। द्वारका एक्सप्रेस-वे की हाई-स्पीड टनल में प्रवेश करते ही तेज रफ्तार कार में सवार युवक सनरूफ खोलकर बाहर निकल आया।
बताया जा रहा है कि युवक न केवल शराब पी रहा था, बल्कि वह जोर-जोर से संगीत की धुन पर झूम भी रहा था। इस दौरान कार की गति भी कम नहीं थी, जिससे आसपास के वाहन सवारों दशहत फैल गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बेपरवाह अंदाज में सनरूफ से कमर तक बाहर निकला हुआ है, एक हाथ में शराब का गिलास लिए और दूसरे हाथ से इशारे करता है।
वहीं, दिल्ली पुलिस के अनुसार नंबर प्लेट के आधार पर कार और ड्राइवर की पहचान की जाएगी। यह न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ट्रैफिक के एंट्री प्वाइंट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस तरह की हरकत करने वालों की जानकारी तुरंत दें।
उन्होंने कहा कि टनल के अंदर एनएचएआई द्वारा सीसीटीवी लगाए गए हैं, उनकी फुटेज भी निकलवाई जाएगी।




