गुरुग्राम में 15 नवंबर से ‘No PUC-No Fuel’, पेट्रोल पंपों पर लगेंगे 300 कैमरे
गुरुग्राम | 14 नवंबर 2026
गुरुग्राम में अब बिना वैध PUC सर्टिफिकेट के पेट्रोल, डीजल और CNG मिलना मुश्किल होने वाला है। 15 नवंबर से पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाने का काम शुरू होगा। पहले चरण में 300 कैमरे लगाए जाएंगे, जो गाड़ियों की नंबर प्लेट स्कैन कर ऑनलाइन PUC की वैधता जांचेंगे।
गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए अब प्रशासन ने ‘No PUC-No Fuel’ नियम को सख्ती से लागू करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत जिन गाड़ियों के पास वैध Pollution Under Control (PUC) सर्टिफिकेट नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल, डीजल और CNG नहीं मिलेगी। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए शहर के पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे।

जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव संजीव सिंगला ने बताया कि गुरुग्राम में 15 नवंबर, रविवार से कैमरे लगाने का काम शुरू होगा। पहले चरण में जिले के पेट्रोल पंपों पर 300 ANPR कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की मदद से पेट्रोल पंप पर पहुंचने वाली गाड़ियों की नंबर प्लेट स्कैन होगी और ऑनलाइन रिकॉर्ड के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट वैध है या नहीं।
1 अक्टूबर से लागू है No PUC-No Fuel का नियम: संजीव सिंगला के मुताबिक, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देश संख्या 101 के तहत NCR में 1 अक्टूबर 2026 से ‘No PUC-No Fuel’ व्यवस्था लागू की गई थी। इस नियम के अनुसार बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र वाले वाहनों को पेट्रोल, डीजल और CNG देने पर रोक है।
अब तक पेट्रोल पंपों पर इस नियम की पालना के लिए मैनुअल जांच की व्यवस्था है। लेकिन ANPR कैमरे लगने के बाद गाड़ियों की पहचान और PUC सर्टिफिकेट की जांच ऑनलाइन तरीके से हो सकेगी। इससे पेट्रोल पंपों पर नियमों को लागू करना आसान होगा और बिना PUC वाली गाड़ियों को ईंधन देने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
कैमरे लगने तक पेट्रोल पंप संचालकों को करनी होगी मैनुअल जांच: प्रशासन ने साफ किया है कि जब तक सभी पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाने और उन्हें चालू करने का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक पेट्रोल पंप संचालकों को पहले की तरह मैनुअल जांच करनी होगी।
यानी पेट्रोल, डीजल या CNG भरवाने आने वाले वाहन चालकों को अपना वैध PUC सर्टिफिकेट दिखाना पड़ सकता है। अगर किसी वाहन चालक के पास वैध सर्टिफिकेट नहीं है, तो पेट्रोल पंप कर्मचारी उसे ईंधन देने से मना कर सकते हैं। इसके अलावा रिकॉर्ड के लिए ऐसे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को यह भी कहा है कि वे ऐसे वाहन चालकों को नजदीकी अधिकृत प्रदूषण जांच केंद्र से PUC सर्टिफिकेट बनवाने के लिए कहें।
पेट्रोल पंपों पर लगेंगे हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी बोर्ड: नियमों की जानकारी हर वाहन चालक तक पहुंचाने के लिए पेट्रोल पंपों के एंट्री गेट और फ्यूल भरने वाली जगहों पर हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इन बोर्ड पर साफ लिखा होगा कि वैध PUC सर्टिफिकेट नहीं होने पर गाड़ी में ईंधन नहीं भरा जाएगा।
इसके साथ ही वाहन चालकों को यह भी बताया जाएगा कि बिना वैध PUC के गाड़ी चलाने पर ई-चालान और जुर्माने की कार्रवाई हो सकती है।
बिना PUC पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना: परिवहन विभाग के मुताबिक, बिना वैध PUC सर्टिफिकेट के वाहन चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए जरूरी है कि वे अपने वाहन का PUC समय पर बनवाएं और उसकी वैधता खत्म होने से पहले उसे रिन्यू करा लें।
प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों और संबंधित अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अगर कोई पेट्रोल पंप संचालक नियमों की अनदेखी करता है या बिना वैध PUC वाले वाहन में ईंधन भरता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
वाहन चालक पहले ही बनवा लें PUC सर्टिफिकेट: गुरुग्राम प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पेट्रोल पंप पर किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अपने वाहन का वैध PUC सर्टिफिकेट जरूर बनवा लें। खासकर उन लोगों को इस बात का ध्यान रखना होगा, जिनके वाहन का PUC जल्द एक्सपायर होने वाला है। आने वाले दिनों में ANPR कैमरों के जरिए जांच शुरू होने के बाद पेट्रोल पंपों पर बिना वैध PUC के ईंधन लेना आसान नहीं होगा। ऐसे में वाहन चालकों को अब अपने PUC की वैधता पर ध्यान देना होगा।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




