Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 6 नवंबर। बल्लभगढ़ विधानसभा की जनता कॉलोनी में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने लाखों की लागत से सीवर, पानी और आरएमसी सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर कालोनी में ढोल बाजे और फूलमालाओं से मंत्री और विधायक का जोरदार स्वागत किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। विधायक मूलचंद शर्मा ने अपने कार्यकाल में बल्लभगढ़ का चंहुमुखी विकास किया है। उन्होंने कहा कि आज यहां सड़क सीवर आदि के कार्य का शुभारंभ किया गया है और आने वाले समय में इस क्षेत्र का पूर्ण रूप से विकास किया जाएगा। इस क्षेत्र में घरों के अंदर आ रही सीवर और पानी की लाइनों को बाहर निकाल कर नए सिरे से डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के राज में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और हो रहे हैं। जिसके चलते आज फरीदाबाद की कनेक्टिविटी और हाईवे और पूलों के निर्माण के चलते आज आप देश के किसी भी कोने में जा सकते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पूरे फरीदाबाद में बिजली सप्लाई की लाइन अंडरग्राउंड की जाएगी और कोई भी बिजली का पोल नजर नहीं आएगा। इसके लिए 2800 करोड़ का टेंडर पास हो चुका है, इसके बाद कभी भी बिजली कटौती नहीं होगी और लोगों को बिना किसी रूकावट के बिजली मिलेगी और बारिश आंधी तूफान के बावजूद बिजली के कट नहीं लगेंगे।
इस मौके पर क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का धन्यवाद करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास को नए पंख मिले हैं।




