Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 8 नवंबर। फरीदाबाद में शनिवार को बीके सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए और उसके बाद डॉक्टर के पास पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर से कार्ड बनवाने के बाद मरीज पाइप को फांदकर अस्पताल के अंदर डॉक्टर के पास जाते हुए दिखाई दिए।
दरअसल अस्पताल के अंदर वाले काउंटर पर जब मरीज पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मियों ने कार्ड बनवाने के लिए बाहर वाले ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भेजा, लेकिन अस्पताल में मेंटीनेंस का काम चलने के कारण गैलरी का रास्ता बंद कर दिया गया था। जिसके कारण मरीजों को लंबा घूमकर काउंटर पर पहुंचना पड़ा और कार्ड बनवाकर वहां के ऊंचे पाइप वाले रास्ते से फांदकर वापस अस्पताल के अंदर डॉक्टर के पास जाना पड़ा।
ऐसे में सबसे जायदा परेशानी गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ी।
लोगों का कहना है कि आज शनिवार है और अगर मरम्मत का काम करना भी था तो क्या यह काम दोपहर एक बजे के बाद नहीं किया जा सकता था, जिससे मरीजों को परेशानी नहीं होती।




