Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने टैक्सी चालक के साथ मारपीट करने और चाकू मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टैक्सी चालक को घोंपा गया चाकू आरोपी ने ही अपने साथी को दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी ग्वाल पहाड़ी थाना डीएलएफ फेज-1 को 11 सितंबर को ईवीआर-287 के माध्यम से एक सूचना गांव एएसएफ बिल्डिंग के पास एक व्यक्ति को चाकू से मारने से संबंधित मिली थी। पुलिस को दी लिखित शिकायत में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसका भाई टैक्सी चलाता है। 11 सितंबर को उसके भाई ने फोन करके कहा कि अजय नाम का लड़का उसकी टैक्सी रोककर खड़ा है और उसको मारने की कह रहा है। तो वह अपने दोस्त सुरेश व सागर के साथ मौके पर पहुंचा। उसके भाई के साथ अजय लड़ाई-झगड़ा कर रहा था। जब वे बीच-बचाव करने लगे तो अजय ने गुस्से में आकर लोकल लड़कों को बुला लिया और उनके साथ मारपीट करने लगा। तभी एक लड़के ने अजय को चाकू थमा दिया और अजय ने उस पर चाकू से वार किया। इस वार से वह तो बच गया, लेकिन फिर अजय ने जितेंद्र के पेट में चाकू मार दिया। पुलिस थाना डीएलएफ फेज-1 में हत्या से संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस ने इस मामले में 1 आरोपी को 15 नवंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान ईश्वर उर्फ रॉकी निवासी गांव ग्वाल पहाड़ी जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि ईश्वर को अजय ने फोन करके बुलाया था। तब ईश्वर अपने 1 अन्य साथी के साथ अजय द्वारा बताए गए स्थान (घटनास्थल) पहुंचा। वहां पर उसने अपने छोटे टैंपो से एक चाकू निकालकर अजय को दिया था, जिसे अजय ने जितेंद्र के पेट मार दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 1 छोटा टैंपो भी बरामद किया है। इस मामले में अब तक कुल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा आरोपी को आज अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




