Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 नवंबर। यह नजारा है शुक्रवार देररात का। इसमें आप देख सकते हैं कि दो युवा चोर किस तरह से एक दुकान के अंदर अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पूरी वारदात दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस सीसीटीवी फुटेज में आप देख सकते हैं कि कैसे रात करीब साढ़े तीन बजे दोनों चोरों ने मेन मदनपुरी रोड गली नंबर 4 स्थित इस दुकान को अपना निशाना बनाया। दोनों चोर फोटो कॉपी, लेमिनेशन और कंप्यूटर वर्क करने वाली इस दुकान का शटर तोड़ कर बड़े आराम से इसके अंदर घुसे।
नकाब लगाए इन दोनों चोरों ने इसके बाद बड़े आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया और दुकान पर रखी नकदी और कीमती सामान चुराने के बाद दोनों तोड़े गए शटर के नीचे से आराम से बाहर निकल गए। इस सीसीटीवी में तीन मिनट 17 सेकेंड के हिस्से में एक युवा चोर का चेहरा भी चंद पल के लिए नजर आता है। जोकि सीसीटीवी की तरफ देख रहा होता है। सात मिनट 21 सेकेंड के इस सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात के दौरान दुकान पर रखा एक मॉनीटर कभी ऑन दिखता है तो कभी ऑफ।
फिलहाल दुकानदार ने चोरी की वारदात की शिकायत थाने में दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की।




