गुरुग्राम में हुड़दंग मचाने वाले 3 युवक गिरफ्तार, महिला और बच्चों से की थी बदसलूकी
क्रेटा की सनरूफ खोलकर सड़क पर मचा रहे थे उत्पात, तेज आवाज में बजा रहे थे गाने; पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी की बरामद
गुरुग्राम: सड़क पर क्रेटा कार की सनरूफ खोलकर हुड़दंग मचाना और दूसरों को परेशान करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। गुरुग्राम के ओल्ड सेक्टर-5 इलाके में महिला और दो बच्चों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर हंगामा कर रहे थे और सड़क से गुजर रहे लोगों को परेशान कर रहे थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।

दरअसल, 31 अक्टूबर की रात गुरुग्राम के ओल्ड सेक्टर-5 इलाके में एक सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया था। आरोप है कि कार में तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे और युवक सनरूफ से बाहर निकलकर कार की छत पर बैठ गए थे। इस दौरान वे सड़क पर हाथ लहराते हुए हुड़दंग मचा रहे थे और आसपास से गुजर रहे लोगों को परेशान कर रहे थे।
मामला उस समय और बढ़ गया, जब युवकों ने एक कार में सवार महिला और उसके दो बच्चों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। इस पर परिवार ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। घटना के दौरान युवकों को लाठी लेकर खदेड़ने की बात भी सामने आई थी। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान: घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-5 गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज समेत दूसरे तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई।

जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान 18 वर्षीय प्रवीन कुमार निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव, 19 वर्षीय यश निवासी सेक्टर-12 राजीव नगर और 22 वर्षीय दिव्यांश निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुड़दंगबाजी की बात स्वीकार की: पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को 1 नवंबर को थाना सेक्टर-5 क्षेत्र से काबू किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार की सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने, हाथ लहराकर हुड़दंग मचाने और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार को भी बरामद कर लिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को नियमानुसार जांच में शामिल किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस की हुड़दंगबाजों को चेतावनी: इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग मचाने, तेज आवाज में गाने बजाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश है कि सड़क पर स्टंटबाजी, हुड़दंगबाजी और दूसरे लोगों को परेशान करने की हरकतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति सड़क पर अपनी मस्ती के चक्कर में दूसरों की सुरक्षा और परेशानी का कारण बनता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।




