Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में बेसहारा गोवंश पर चलेगी मुहिम, बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई
गौवंश को गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए एजेंसी को मिलेगा पूरा सहयोग, हर वार्ड में तैनात होगा इलेक्ट्रिशियन; अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश
गुरुग्राम, 2 नवंबर। गुरुग्राम की सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश को सुरक्षित ठिकाना दिलाने के लिए नगर निगम अब लगातार अभियान चलाएगा। इस काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। महापौर राजरानी मल्होत्रा ने साफ कहा है कि गोवंश को पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने के अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित एजेंसी को महापौर टीम, पार्षदों और निगम अधिकारियों का पूरा सहयोग मिलेगा। अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

सोमवार को नगर निगम कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में महापौर ने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को शहर की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह और निगमायुक्त प्रदीप दहिया समेत पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बेसहारा गोवंश, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सड़कों पर खुले घूमने वाले गोवंश को पहुंचाया जाएगा गौशालाओं में: महापौर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश को सुरक्षित तरीके से गौशालाओं तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए संबंधित एजेंसी को लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एजेंसी की टीम को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पार्षदों, अधिकारियों और महापौर टीम की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी रखी जाए। अगर कोई व्यक्ति गोवंश को पकड़ने और गौशालाओं तक पहुंचाने के काम में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
महापौर ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने पशुओं को सड़कों, गलियों और सार्वजनिक जगहों पर खुला न छोड़ें। पशुओं को अपने परिसर में सुरक्षित रखें, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों को परेशानी न हो और पशु भी दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।
एजेंसियों की लापरवाही पर होगी नजर, संसाधनों की कमी नहीं चलेगी: बैठक में महापौर ने संबंधित एजेंसियों के कामकाज को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जिस एजेंसी को जो काम सौंपा गया है, उसे टेंडर की शर्तों के मुताबिक पूरा करना होगा। काम के लिए जरूरी कर्मचारी, वाहन, मशीनरी और दूसरे संसाधन समय पर उपलब्ध कराने होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को एजेंसियों के काम की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही या जरूरी संसाधनों की कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शिकायतों का समाधान समय पर हो।
15 दिन में स्ट्रीट लाइट की शिकायतों पर मांगी रिपोर्ट: शहर की खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि गुरुग्राम की मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी गलियों और रिहायशी इलाकों तक पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए। किसी भी क्षेत्र में खराब लाइटों के कारण अंधेरा नहीं रहना चाहिए।
इस पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधीक्षण अभियंता सचिन यादव को अगले 15 दिनों में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतों और उनके समाधान की पूरी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में एक अहम फैसला यह भी लिया गया कि अब हर वार्ड में एक इलेक्ट्रिशियन की ड्यूटी लगाई जाएगी। संबंधित इलेक्ट्रिशियन का नाम और संपर्क संबंधी जानकारी वार्ड पार्षद को भी दी जाएगी। इससे किसी गली या सड़क की स्ट्रीट लाइट खराब होने पर शिकायत का जल्द समाधान कराया जा सकेगा। वार्ड पार्षद भी सीधे संबंधित इलेक्ट्रिशियन से संपर्क कर सकेंगे।
सड़कों और फुटपाथों से हटेगा हर तरह का अतिक्रमण: शहर में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान महापौर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी काम तय समय पर शुरू हों और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बेवजह देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम की रफ्तार के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान देना होगा।
महापौर ने सड़कों और फुटपाथों पर होने वाले हर तरह के अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण चाहे किसी भी तरह का हो, यहां तक कि धार्मिक अतिक्रमण भी, उसे नियमानुसार हटाया जाएगा। इसका मकसद सड़कों और फुटपाथों को खाली कराना है, ताकि लोगों को पैदल चलने और वाहन निकालने में परेशानी न हो।
अधिकारियों और एजेंसियों को मिलकर करना होगा काम: महापौर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों, अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा। केवल योजनाएं बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करने और नगर निगम की सेवाओं में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद अब बेसहारा गोवंश, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी बढ़ गई है।




