Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 नवंबर। कुरुक्षेत्र में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए गुरुग्राम रोडवेज ने रैली में जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए यहां से रोडवेज की 72 बसें रवाना की हैं। जिसके चलते आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को दो से ढाई घण्टे बसों का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
रोडवेज की बसें न होने के चलते प्राइवेट बस संचालकों की चांदी हो गई है। गुरुग्राम के बस स्टैंड पर रोडवेज की बसों के अभाव में यात्री मारे मारे फिरते नजर आए। यात्रियों की माने तो उन्हें बसों की सही जानकारी देने वाला भी कोई नहीं है।
कमलजीत ने बताया कि उन्हें कैथल जाना है। पिछले डेढ़ घण्टे से वह बस का इंतजार कर रही है, लेकिन हरियाणा रोडवेज की कोई बस नहीं आई है। इंक्वायरी पर पूछताछ करने पर भी कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिल पा रहा है। अगर बसें रैली में लगानी ही थी तो यात्रियों के लिए भी इंतजाम करना चाहिए था, जिससे बस स्टैंड पर अफरातफरी का माहौल तो न बनता। लेकिन आम जनता की कौन सुनता है।




