Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 नवंबर। यातायात निरीक्षक कृष्णा देवी ने बृहस्पतिवार को आगामी कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए मारुति कंपनी के ट्रक यूनियन के चालकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें उन्होंने रिफ्लेक्टिव टेप लगाने, नशा करके वाहन न चलाने, लेन अनुशासन अपनाने, निर्धारित गतिसीमा में वाहनों को चलाने, कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग करने आदि यातायात नियमों की जानकारी के साथ-साथ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी देकर मार्गदर्शन किया। इस दौरान मौजूद सभी चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की शपथ भी दिलाई गई।
यातायात निरीक्षक कृष्णा देवी द्वारा ट्रक यूनियन प्रधान व चालकों को लेन ड्राइविंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने, ओवरस्पीडिंग न करने एवं नशे से दूर रहने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें डायल 112, हेल्पलाइन 1095 तथा सड़क हादसों में घायलों के इलाज के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही 1.50 रुपये तक कैशलैस स्कीम की जानकारी भी दी गई।
यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा ऐसे जागरूकता अभियानों का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाना तथा लोगों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।




