Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किए गए 1 बटन वाले चाकू को भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बादशाहपुर क्षेत्र के अंतर्गत परीना सोसाइटी के बाहर 20 नवंबर को एक महिला पर उसके पति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता के मेडिकल परीक्षण में सिर और हाथ पर कई गहरी व जानलेवा चोटें लगने की पुष्टि हुई। जिसके बाद पीड़िता के पिता द्वारा 23 नवंबर को थाना बादशाहपुर में दी गई शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति खबीबुर रहमान उर्फ इमरान (उम्र-32 वर्ष) निवासी गांव महेंद्र बर, जिला दक्षिण दीनाजपुर (पश्चिम-बंगाल) वर्तमान निवासी नूरपुर गुरुग्राम को उसी दिन टिकली मोड़ गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था।
पुलिस द्वारा आरोपी को 24 नवंबर को न्यायालय में पेश करके 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह गुरुग्राम में ऑटो रिक्शा चलाने का काम करता है। उसका निकाह 7 साल पहले हुआ था। वह शराब पीने का आदी है और शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ झगड़ा व मारपीट करता था। पत्नी द्वारा विरोध करने पर उसने 20 नवंबर शाम को जब वह सोसाइटी से काम खत्म करके जा रही थी तो उसने चाकू से वार करके उस पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया एक बटन वाला चाकू भी बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपी को एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड के उपरांत 25 नवंबर को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।




