file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 नवंबर। गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार वाहन एक युवक को 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे युवक के सिर के टुकड़े हो गए और उसने मौके पर ही दमतोड़ दिया। गहरे रंग की जींस और सफेद टीशर्ट पहने हुए युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामला दर्ज अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर रही है।
हादसा NH-48 के हीरो होंडा फ्लाईओवर पर मानेसर की ओर जाने वाले मेन कैरिज वे पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को मौके पर 20 मीटर तक घसीटने के निशान मिले हैं। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तलाशी लेने पर युवक के पास कोई पहचान-पत्र, मोबाइल या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का अनुमान है कि युवक पैदल ही हाईवे के किनारे जा रहा था और शायद वह डिवाइडर पार करने की कोशिश कर रहा था या किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। हालांकि आसपास सीसीटीवी नहीं होने के कारण घटना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।
शव की शिनाख्त के लिए युवक से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया और स्थानीय थानों में भेजे गए हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। 72 घंटे तक पहचान नहीं होती तो पोस्टमॉर्टम करवा कर सरकारी खर्च पर अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।




