Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 1 दिसंबर। 31 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले विश्व विख्यात 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस बार मेले की पार्टनर कंट्री इजिप्ट होगी, जबकि इस बार दो राज्यों को थीम स्टेट बनाया गया है। जिनमें मेघालय और उत्तर प्रदेश को शामिल किया गया है। मेले में स्टालों की भारी मांग को देखते हुए इस बार 127 अतिरिक्त नए स्टालों का निर्माण किया जाएगा। हर साल, देश विदेश से लगभग 15 लाख दर्शक इस मेले को देखने के लिए आते हैं और इस बार इनकी संख्या में और भी ज्यादा इजाफा होने की उम्मीद है। इस मेले में जहां देश-विदेश के हस्तशिल्प अपनी कला के जौहर दिखाते हैं। वहीं देश और विदेश के सांस्कृतिक कलाकार मेला दर्शकों का मनोरंजन करते हैं।
हरियाणा टूरिज्म सूरजकुंड के एजीएम हरविंदर यादव ने बताया कि इस बार 39वां सूरजकुंड मेला 31 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित होगा। जिसमें हर साल की तरह इस बार इजिप्ट पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होगा। वहीं, पहली बार दो राज्यों मेघालय और उत्तर प्रदेश को थीम स्टेट बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हर साल अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में स्टालों को लेकर मारामारी रहती है। इसलिए इस बार मेला अथॉरिटी ने पिछले सालों के मुकाबले 127 नए स्टालों का निर्माण करने का सोचा है। उन्होंने बताया कि मेले की तैयारी को लेकर काम शुरू हो चुका है और मेला अथॉरिटी तथा हरियाणा पर्यटन विभाग मेले को और भी भव्य बनाने के लिए जीजान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि स्टालों की बुकिंग के लिए एक दिसंबर से पोर्टल को खोल दिया गया है और मेला अथॉरिटी ही स्टालों के वितरण को लेकर फैसला लेगा।




