गुरुग्राम, 26 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस की गुंडों मवालियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। नोडल अधिकारी आर एस बाठ के साथ पुलिस आज शुक्रवार को सोहना की जावेद कालोनी पहुंची। बाठ और पुलिस के आने की भनक लगते ही नशे के सौदागर अपने घरों को अंदर से बंद कर भाग गए।
पुलिस थाना शहर सोहना द्वारा जावेद कॉलोनी में नशीला पदार्थ बेचने वाली महिला अपराधी द्वारा अवैध तरीके से बनाई गई अवैध संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया गया।
आज की गई इस कार्रवाई में महिला अपराधी ताहिरा पत्नी इरशाद निवासी वार्ड नं. 12 जावेद कॉलोनी सोहना द्वारा जावेद कॉलोनी में बनाए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
अपराधियों का संक्षिप्त विवरण
👉🏻 महिला अपराधी ताहिरा
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाई गई है। उसके द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री से अवैध रूप से धन अर्जित करके दो मंजिला अवैध मकान का निर्माण किया गया था।
डॉ हितेश यादव पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन में व निरीक्षक रविन्द्र प्रभारी थाना शहर सोहना के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात की गई और DTP अधिकारी आर.एस. बाठ, नगरपालिका सोहना के अधिकारियों की उपस्थिति में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी के करण यह कार्रवाई शांतिपूर्वक व कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित रखते हुए सम्पन्न हुई।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “गुरुग्राम पुलिस का यह स्पष्ट और दो-टूक संदेश है कि अपराध करने वालों के लिए अब इस जिले में कोई जगह नहीं है। जो भी आदतन अपराधी नशे, चोरी, तस्करी और अवैध गतिविधियों के जरिए पैसा कमाकर या सरकारी जमीनों पर कब्जा कर करके अवैध तरीके से धन कमा रहे हैं उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि कानून का डंडा अब सीधे उनकी अवैध संपत्तियों पर पड़ेगा। गुरुग्राम पुलिस ने ऐसे सभी अपराधियों का डाटा, रिकॉर्ड और उनकी अवैध संपत्तियों का विवरण तैयार कर लिया है। अपराध से कमाई गई हर ईंट, हर दीवार और हर छत को चिन्हित किया जा रहा है। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध से अर्जित संपत्ति को कानून के तहत ध्वस्त किया जाएगा। गुरुग्राम पुलिस कानून के दायरे में रहते हुए, लेकिन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी। गुरुग्राम पुलिस आम नागरिकों को विश्वास दिलाती है कि गुरुग्राम पुलिस उनकी सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं अपराधियों को अंतिम चेतावनी है: या तो अपराध का रास्ता छोड़ दें, या फिर गुरुग्राम पुलिस की सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। गुरुग्राम को अपराध मुक्त बनाना गुरुग्राम पुलिस का संकल्प है।



