Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 17 जनवरी। डीटीपी एनफोर्समेंट द्वारा फरीदाबाद में लगातार अवैध कॉलोनियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और पीला पंजा चलाया जा रहा है। जिसके चलते अवैध कॉलोनियां काटने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी कड़ी में फरीदाबाद के कुरैशीपुर इलाके में डीटीपी एनफोर्समेंट ने अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी और की गई प्लॉटिंग पर कार्रवाई की और सैकड़ों डीपीसी को ध्वस्त करते हुए कई दुकानों और मकान को तोड़ दिया।
इस मौके पर डीटीपी यजन चौधरी ने कहा कि अवैध कालोनी काटने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुरैशीपुर इलाके में अवैध रूप से काटी जा रही प्लाटिंग व काटी गई कॉलोनी में हो रहे नव निर्माणों को तोड़ दिया गया और कई दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया है।
बता दें की इस तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान कुछ पीड़ित लोग डीटीपी एनफोर्समेंट की टीम के सामने हाथ जोड़ते पांव पकड़ते व रोते-रोते हुए नजर आए और अपने आशियाना को न तोड़ने की गुहार लगाते हुए दिखाई दिए, लेकिन डीटीपी की टीम ने इसे अवैध निर्माण बताते हुए अपनी कार्रवाई को जारी रखा और सभी अवैध निर्माणों को गिरा दिया। इस मौके पर डीटीपी इंफोर्समेंट की टीम के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा, जिसमें महिला सुरक्षा कर्मी भी तैनात थी।
इस मौके पर डीटीपी इंफोर्समेंट यजन चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि आज न केवल अवैध निर्माण बल्कि अवैध रूप से की गई प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया है और अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। शहर में कहीं भी अवैध रूप से कॉलोनियों को बसाने नहीं दिया जाएगा।



