Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 18 जनवरी। बल्लभगढ़ से विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी है। इन योजनाओं के तहत बल्लभगढ़ में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने और हरित क्षेत्र विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इस अवसर पर स्थानीय पार्षदों सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी और विभिन्न कॉलोनियों और सेक्टरों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने इन विकास कार्यों के लिए विधायक पंo मूलचंद शर्मा का स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और इसे बल्लभगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
विधायक पंo मूलचंद शर्मा ने बताया कि बल्लभगढ़ में चार बड़े पानी के ट्यूबवेल लगाए जाएंगे तथा अग्रसेन बूस्टर तक नई पानी की लाइन डाली जाएगी। इसके साथ ही मिल्क प्लांट रोड बूस्टिंग स्टेशन पर एक बड़े पार्क का निर्माण किया जाएगा, जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। इस पार्क से सेक्टर-2, आर्य नगर सहित आसपास की कई कॉलोनियों के लोग लाभान्वित होंगे और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में सैर व व्यायाम कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि दाना पानी पार्क सेक्टर-3 के पास चार बड़े ट्यूबवेल लगाए जाएंगे तथा अग्रसेन बूस्टिंग स्टेशन से चावला कॉलोनी तक पानी पहुंचाने के लिए नई लाइन डाली जाएगी जिस पर लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत आएगी। इस योजना से भगत सिंह कॉलोनी, पूर्वी चावला कॉलोनी, चावला कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों को भरपूर पेयजल उपलब्ध होगा।



