Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 31जनवरी। गुरुग्राम में दो दिन में फायरिंग की चार वारदातों को अंजाम देकर पूरे क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले दहशतगर्द पुलिस की गिरफ्त में भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और उसका अंजाम भी उन्हें वैसा ही भुगतना पड़ा। इनमें से दो दहशतगर्द अब अस्पताल के बिस्तर पर पड़े हैं। इनमें से एक पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ है और दूसरा भागने के प्रयास में गिरकर।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फायरिंग करके जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों विनय, बॉबी और पवन को शुक्रवार को अदालत में पेश करके वारदातों में प्रयोग किए गए हथियारों को बरामद करने के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस देर रात आरोपी विनय को हथियार बरामद करने के लिए गांव पुराना बहरामपुर के क्षेत्र में पहाड़ी वाले रास्ते की तरफ लेकर गई थी। जहां विनय ने लोडिड हथियार छुपाया हुआ था। वहां पर मौका देखते ही विनय ने उस छुपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली सीधी ASI मनमोहन की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए वार्निंग फायर के बाद चलाई गई पुलिस की एक गोली विनय के दाएं पैर में गोली लगी।
वहीं, बॉबी को भी बरामदगी करने के लिए भौंडसी ले जाया गया था, जहां से बॉबी द्वारा भी भागने की कोशिश की गई। भागने के दौरान बॉबी गिर गया, गिरने के कारण उसके पैर में चोट लगी है।
दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है ।
आपको बता दें कि इन्हीं आरोपियों ने 29 जनवरी को घामड़ौज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर वहां मौजूद कर्मचारियों पर गोली चलाई थी। इसके अलावा 29 जनवरी की ही रात गांव झील की डाणी कादरपुर में पुरानी रंजिश को लेकर रोहित के घर पर हत्या करने की नीयत से फायरिंग की थी। इसके बाद “आज तो बच गए, आगे नहीं बच पाओगे” की चेतावनी देकर वे वहां से फरार हो गए थे। आरोपियों ने 28 और 29 जनवरी को गुरुग्राम में हत्या करने की नीयत से फायरिंग करने की चार वारदातों को अंजाम दिया था।




