गुरुग्राम, 22 अक्टूबर। गुरुग्राम में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने 21 अक्टूबर को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 40 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़ा। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार निवारक कानूनी कार्रवाई की है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण आयुष यादव (IPS) के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसका मकसद सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा बनाए रखना और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर रोक लगाना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पार्कों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक जगहों पर चेकिंग की। इस दौरान शराब पीते मिले 40 लोगों को काबू किया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई की गई।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति भंग करने या लोगों को परेशानी में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमों को ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने और शिकायत या गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने से बचें और शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




