Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 12 मार्च। शहर में अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में वीरवार को निगम की टीम ने दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र और सूरत नगर में विशेष अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान कुल 58 अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शन काटे गए।

50 यूनिट के बल्क कनेक्शन सहित 8 अन्य कनेक्शन हटाए
अभियान के दौरान JE सत्येंद्र कुमार, सुपरवाइजर कृष्ण कुमार, प्लंबर रमाशंकर समेत निगम की टीम ने क्षेत्र में गहन जांच की। जांच के बाद 50 यूनिट के एक बल्क कनेक्शन सहित 8 अन्य अवैध कनेक्शन काट दिए गए। इनमें मुख्य रूप से औद्योगिक और कमर्शियल यूनिट शामिल थीं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी इस इलाके में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने दोबारा अवैध तरीके से कनेक्शन जोड़ लिए थे। टीम ने मौके पर जांच कर ऐसे सभी अवैध कनेक्शनों को तुरंत हटाने की कार्रवाई की।

पेयजल व सीवरेज कनेक्शन के लिए शुरू हुआ ऑनलाइन मॉड्यूल
नगर निगम गुरुग्राम ने पेयजल और सीवरेज कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक सरल और पारदर्शी ऑनलाइन मॉड्यूल भी शुरू किया है। यह सुविधा एमसीजी की आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है, जहां से नागरिक घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। नागरिक केवल प्रॉपर्टी आईडी और पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड या वोटर आईडी) के आधार पर नया पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बन गई है।
अवैध कनेक्शनों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शनों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल वैध प्रक्रिया के माध्यम से ही पेयजल और सीवरेज कनेक्शन लें और निगम द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन सिस्टम का लाभ उठाएं।




