Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
ग्रीनवुड सिटी में अवैध दीवारों पर चला बुलडोजर, चार रास्तों से हटाया कब्जा
गुरुग्राम: सेक्टर-45 स्थित लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी ग्रीनवुड सिटी में बुधवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्रीनवुड सिटी की RWA की ओर से आंतरिक सड़कों पर बनाई गई चार दीवारों को तोड़कर रास्ते खोल दिए गए। ये रास्ते इसी सेक्टर में स्थित HSVP के प्लॉटेड लेआउट की ओर जाते हैं।

बताया गया कि इन दीवारों के कारण HSVP लेआउट में बारिश और अन्य पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। पानी के बहाव का रास्ता बंद होने से कई जगह जलभराव की स्थिति बन रही थी। इसी को देखते हुए कार्रवाई करते हुए सड़क पर बनाई गई चारों अवैध रुकावटों को हटा दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, लाइसेंस प्राप्त प्लॉटेड रेजिडेंशियल लेआउट की बाहरी सीमा पर इस तरह से दीवार खड़ी करने के लिए कोई निर्धारित नीति या गाइडलाइन नहीं है। ऐसे में सड़क और सार्वजनिक आवाजाही को बाधित करने वाली इन दीवारों को हटाया गया।
इसके अलावा ग्रीनवुड सिटी में मेट्रो कॉरिडोर के साथ बनी सर्विस रोड पर भी एक रास्ते को अवैध रूप से बंद किया गया था। यह रास्ता ग्रीनवुड सिटी के A-191 में चल रहे अवैध गेस्ट हाउस के मालिक द्वारा बंद किए जाने की बात सामने आई। कार्रवाई के दौरान इस अवैध रुकावट को भी हटा दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि A-191 स्थित अवैध गेस्ट हाउस के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इसके लिए पहले सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।




