Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: डीएचबीवीएन के कैश काउंटर शनिवार को भी खुलेंगे, 25 मार्च तक बिल जमा करने पर नहीं लगेगा सरचार्ज
गुरुग्राम, 24 मार्च 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। निगम के सभी ऑपरेशन कार्यालयों के कैश काउंटर 28 मार्च (शनिवार) को भी खुले रहेंगे, जिससे उपभोक्ता अपने बिजली बिल आसानी से जमा कर सकें।

यह निर्णय प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देश पर लिया गया है। वहीं, मुख्य अभियंता अतुल पसरीजा ने जानकारी दी कि निगम की आधिकारिक वेबसाइट को तकनीकी रूप से अपडेट कर दिया गया है और ई-पेमेंट की सुविधा पहले की तरह सुचारू रूप से उपलब्ध है।
निगम के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल की अंतिम तिथि 24 मार्च थी, वे 25 मार्च तक बिना किसी सरचार्ज के भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी अवकाश के दिन कैश काउंटर संचालित किए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
डीएचबीवीएन ने बकाया बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर राजस्व लक्ष्य (आरआईबी) समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम ने सभी घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपने बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।




